फिरोजाबाद। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। इनमें दो की शिनाख्त हो गई। जबकि एक छात्रा की शिनाख्त नहीं हो सकी है। थाना पुलिस का कहना है कि छात्रा ने आत्महत्या की है।
थाना रसूलपुर के गालिबनगर गली नं. नौ निवासी छोटू उर्फ साहिबे आलम (27) पुत्र गुड्डू मजदूरी करने का काम करता है। मजदूरी करके बुधवार को देर शाम घर वापस लौट रहा था। ट्रैक क्रॉस करने के दौरान अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से साहिबे आलम उर्फ छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को थाना पुलिस उपचार को जिला अस्पताल लाए। उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में चीत्कार मच गई। वहीं दूसरी घटना थाना शिकोहाबाद के गढ़िया चौकी के पास हुई। अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रेलवे लाइन पर शव के पड़ा होने की सूचना पर शिकोहाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने उसकी शिनाख्त थाना मक्खनपुर के चमरौली निवासी पवन (25) पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में की। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया।
तीसरी घटना थाना रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद फाटक से मोढ़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। करीब 16 वर्षीय अज्ञात छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। छात्रा के पास मिली कॉपी में किरन नाम लिखा हुआ था। जबकि उसके हाथ पर मोबाइल नंबर लिखा था।
पुलिस ने उस नंबर को मिलाया तो वह बंद जा रहा था। एसएचओ रसूलपुर तेज बहादुर सिंह चंदेल का कहना है कि आशंका है कि छात्रा ने आत्महत्या की है। परंतु अभी तक छात्रा की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।