भोगांव (मैनपुरी)। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित किए गए परीक्षा केंद्रों का तहसीलदार ने निरीक्षण किया। तहसीलदार ने विद्यालय के प्रधानाचार्यों और प्रबंध समिति को बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में सुरक्षा आदि का परीक्षा से पहले इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए।
रविवार को तहसीलदार अनिल कुमार कटियार ने नगर के कृषक विद्यापीठ इंटर कॉलेज मुरलीनगर, नेशनल इंटर कॉलेज, मदन इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज तथा ग्रामीण क्षेत्र के सरोजनी देवी इंटर कॉलेज कुशलपुर, विवेकानंद इंटर कॉलेज असफपुर गढिय़ा, मारूती नंदन इंटर कॉलेज परिगमा आदि इंटर कॉलेेज पहुंचकर विद्यालय की चाहर दीवारी, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थित, परीक्षा केंद्र में कमरों की संख्या, परीक्षार्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर आदि का बारीकी से निरीक्षण किया।
तहसीलदार ने परीक्षा केंद्रों पर नकलविहिन परीक्षा कराए जाने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तथा विद्यालय में स्थाई एवं अस्थाई प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम, अग्निशमन यंत्र विद्यालय में हैं या नहीं के अतिरिक्त प्रधानाचार्य कक्ष की जांच की।
प्रधानाचार्य कक्ष में रखी अलमारियों की स्थिति का भी अवलोकन किया। तहसीलदार ने विद्यालय में मौजूद प्रधानाचार्य तथा उपस्थित अन्य स्टाफ को परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखे जाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए।