जेल में भाई से मिलने के लिए इंतजार करती बहनें।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। जिला कारागार में निरुद्ध 934 भाइयों के माथे पर टीका लगाने के लिए 1692 बहनें पहुंचीं। इनके साथ 673 बच्चे भी शामिल हुए। इन बहनों के लिए जेल प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम किए थे। सुबह आठ से शाम 4:30 बजे तक इन सभी बहनों ने भाइयों के माथे पर टीका लगाकर मुंह मीठा कराया।
शुक्रवार को सुबह सात बजे से जेल के बाहर बहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। हर बहन अपने भाई के माथे पर टीका लगाने को उत्सुक दिखी। जेल प्रशासन ने कभी 200 बहनों को अंदर प्रवेश दिलवाया तो कभी 380 बहनों को अंदर भेजा। भाइयों का सामना होते ही बहनों की आंखों में आंसू छलक पड़े।
भाई के माथे पर टीका लगाकर इन बहनों ने भाई का मुंह भी मीठा कराया। इन बहनों के साथ आए बच्चे अपने मामा को देखकर खुश हो गए। सुबह आठ बजे से शाम 4:30 बजे तक जेल पर बहनों का यह क्रम बदस्तूर जारी रहा।
जेल अधीक्षक शैलेंद्र कुमार मैत्रये ने बताया कि 1692 बहनों ने 934 भाईयों के माथे पर टीका लगाकर मुंह मीठा कराया। इन बहनों के साथ 673 बच्चे भी शामिल हुए। व्यवस्थाओं में जेल अरविंद पांडेय, लेखाधिकारी सीएम तिवारी आदि जुटे रहे।
जेल पर सुरक्षा के दिखे पर्याप्त इंतजाम
जेल पर बहनों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के साथ बेरीकेडिंग भी कराई गई थी। चप्पे-चप्पे पर महिला पुलिसकर्मी भी बहनों को अंदर जाने से पहले तलाशी में मशगूल दिखी।