चौमुंहा (मथुरा)। प्रतिबंधित पॉलिथीन पर रोक लगाने के लिए डीएम द्वारा गठित टीम ने चौमुंहा में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई व्यापारियों के यहां से पॉलिथीन जब्त की गई और जुर्माना वसूला गया। कई व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। छापेमारी में 19 दुकानों से कई किग्रा पॉलिथीन जब्त की गई। सभी दुकानदारों से 19 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
छापेमारी के दौरान व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के साथ अभद्रता भी की। हंगामे के चलते छापे की कार्रवाई बीच में बंद कर टीम वापस लौट गई। अधिकारियों ने वृंदावन कोतवाली में रासबिहारी, जितेंद्र, हृदेश कुमार, रामनिवास सहित 20- 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरी ओर छापा मार कार्रवाई तथा रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। दुकानदारों का कहना था कि त्योहार के समय प्रशासन द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। चेतावनी दी कि जब तक उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तब तक आंदोलन जारी रहेगा।