कोसीकलां (मथुरा)। बाईपास तिराहे पर सीओ के साथ जा रहे पुलिसकर्मियों ने हरियाणा रोडवेज के बस चालक और परिचालक की डंडों से पिटाई कर दी। साथ ही पुलिसकर्मियों ने बस चालक के साथ यात्रियों के सामने गाली-गलौज भी की। गुस्साए बस चालक ने रोडवेज के अन्य बस चालक व परिचालकों के साथ बसों को हाईवे पर खड़ी कर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर जाम के हालात बन गए।
शनिवार को भिवानी डिपो की बस मथुरा से दिल्ली होते हुए भिवानी जा रही थी। दोपहर करीब सवा 12 बजे बस बाईपास तिराहे पर पहुंची तो परिचालक ललित कुमार यात्रियों को बैठा रहा था।
आरोप है कि उसी समय सीओ छाता चंद्रधर गौड़ पुलिसकर्मियों के साथ वहां से गुजर रहे थे, बस को खड़ी देख उनको गुस्सा आ गया और चालक सुखवीर की पिटाई लगानी शुरू कर दी, चालक को पुलिसकर्मियों से पिटता देख परिचालक ललित कुमार भी वहां आ गया, उसने इसका कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि पिटाई से एक यात्री को भी चोटें आईं हैं, जिसे पुलिसकर्मी अपने साथ गाड़ी में ले गए। उधर, चालक और परिचालक की पिटाई के बाद आगरा की ओर से आ रही हरियाणा रोडवेज की 10-12 बसें एकत्रित हो गईं। उन्होंने अन्य बसों के साथियों को भी रोक लिया और बसें हाईवे पर खड़ी कर मौके पर जमा लगा दिया। इससे राजमार्ग पर जाम लग गया।
उधर, मौके पर पहुंचे कोकिलावन चौकी प्रभारी ओमेन्द्र सिंह और रोडवेज कर्मियों के बीच बहस भी हुई। रोडवेज कर्मी पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने को लेकर अड़े रहे। बाद में रोडवेज बस चालक ने मामला अपने उच्चाधिकारियों को बताया और सभी बस चालक बस लेकर चले गए।
परिचालक ललित ने बताया की घटना के बारे में हरियाणा रोडवेज के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बताते चलें कि एक सप्ताह पूर्व चेतन पुलिसकर्मियों ने बस स्टैंड के समीप एक ढकेल वाले की पिटाई की थी। जिससे वह घायल हो गया था।
रोडवेज चालक राजमार्ग पर बीच में बस खड़ी करके यात्रियों को बैठा रहा था, उसे साइड में बस खड़ी करके यात्री बैठाने को कहा गया। मारपीट की घटना से इंकार किया।
-चंद्रधर गौड़, सीओ, छाता।