मथुरा। विकास प्राधिकरण द्वारा शीघ्र ही रुक्मिणी विहार आवासीय योजना के लिए नई बिक्री योजना लागू की जाएगी। यह योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के आधार पर होगी। इसके तहत बैंकों से सस्ता लोन दिलाकर आवासों को बिक्री कराई जाएगी। प्राधिकरण के मुख्य अभियंता ने इस कार्ययोजना को तैयार किया है।
वर्ष 2011 में वृंदावन में छटीकरा रोड पर बनी रुक्मिणी विहार कालोनी में आवासों की गुणवत्ता और अन्य कारणों से लोगों का मोह भंग हो गया। इसके चलते न केवल लोगों ने रुक्मिणी विहार के आवासों को खरीदने में अरुचि दिखाई बल्कि जिन लोगों ने इन्हें खरीद लिया था उनके द्वारा भी प्राधिकरण को आवासों को वापस किया गया।
इसके चलते रुक्मिणी विहार के करीब 350 आवास खाली पड़े हैं। इन आवासों में 139 ईडब्लूएस, 29 स्टूडियो, 65 एलआईजी, 52 ट् बीएचके आवास बिक्री नहीं हो सके हैं। इसके अलावा 79 भवन अल्प आय वर्ग और वन बीएचके हैं। इन आवासों की बिक्री न होने से एक तरफ जहां प्राधिकरण को नुकसान हो रहा है वहीं इनकी हालत दिन पर दिन खराब भी हो रही है।
मुख्य अभियंता अजीत कुमार सिंह ने बताया कि हम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकरण खोलेंगे। इसके लिए हुडको एवं बैंक में समन्वय स्थापित करके आवास चाहने वाले को लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह इस कार्य योजना पर हापुड़ में काम कर चुके हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह योजना मथुरा में भी सफल होगी।