वृंदावन (मथुरा)। बांकेबिहारी व्यापारिक एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को कनकधारा फाउंडेशन के सहयोग से जीवन बल्लभ मंदिर में हुई। इसमें बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में व्याप्त भिक्षावृत्ति, जेबकटी, चोरी के साथ श्रद्धालुओं व पर्यटकों से अभद्र व्यवहार पर चिंता व्यक्त कर निर्णय लिया कि तीन फरवरी को व्यापारी भिक्षावृत्ति करने वालों को रोकने के लिए प्रयास शुरू करेंगे।
बैठक में कनकधारा फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी गौतम ने कहा कि बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु, पर्यटक व तीर्थयात्री आते हैं। ऐसे में भिक्षावृत्ति करने वाले लोग उनके साथ अभद्र व्यवहार व छीनाझपटी करते हैं।
क्षेत्रीय पार्षद वैभव अग्रवाल ने कहा कि नगर में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
अमित गौतम, गोविंद खंडेलवाल, कुलदीप शर्मा, श्याम सुंदर रमानी, यश गौतम, पुनीत बल्लभ गौतम, मुकेश खंडेलवाल, जावेद अली, भावेश दुबे, लोकेश शर्मा, प्रदीप बनर्जी, नारायण, मनीष गौतम उपस्थित थे।