जैथरा। विकास खंड की ग्राम पंचायत बनिया ढहरा के गांव गौशलपुरा में रामदास शर्मा पुत्र ख्यालीराम शर्मा ने अपनी पत्नी बिजरानी के निधन के 24 घंटे बाद प्राण त्याग दिए।
बताते चले कि गांव में रामदसा शर्मा अपनी पत्नी बिजरानी के साथ गांव में रहते थे। जबकि उनके दोनों बेटे जयवीर, ओमवीर शर्मा गुजरात में मेहनत मजदूरी करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम बिजरानी का देहांत हो गया। जिसकी जानकारी पिता ने दोनों बेटों को फोन पर दी। बेटाें के इंतजार में घर के आंगन में बिजरानी का शव रखा हुआ था। बुधवार शाम दोनों बेटों के आने के बाद बिजरानी के अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी। तभी अचानक रामदास शर्मा ने भी अपने प्राण त्याग दिए। दोनों के एक साथ चौबीस घंटे में स्वर्गवास से गांव में हड़कंप मच गया। गांव का हर आदमी रामदास एवं उनकी पत्नी बिजरानी के निधन से हैरान है। इस सूचना पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग दोनों वृद्घ मृतकों के अंतिम दर्शनों को उमड़ पडे़।