मैनपुरी। सही कहती हैं विद्या बालन, जहां सोच वहां शौचालय, लेकिन अभी भी जिले में लोगों की सोच नहीं बदली है। शायद इसलिए जिला ओडीएफ घोषित नहीं हो पाया है। अब शॉर्ट फिल्म से लोगों की सोच बदलने की कोशिश में अफसर जुट गए हैं। सबकुछ ठीकठाक रहा तो बहुत जल्द जिले की सड़कों पर प्रचार गाड़ी शॉर्ट फिल्म दिखाकर खुले में शौचमुक्त का संदेश देती हुई दिखाई देगी। इसके लिए विभाग ने तैयारियां भी शुरू की दी हैं।
स्वच्छ भारत मिशन को लेकर शासन और प्रशासन दोनों ही गंभीर हैं। इसके तहत गांवों में भी घर-घर शौचालय बनाने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई गांव अभी तक स्वच्छ भारत मिशन से अछूते हैं। इसका कारण लोगों में जागरूकता का नहीं होना है। काफी प्रयासों के बाद जब विभाग को पूर्णरूप से कामयाबी नहीं मिली तो विभाग ने नए तरीके से लोगों को जागरूक करने का मन बना लिया है। शॉर्ट फिल्म के लिए डीपीआरओ कार्यालय में एक फाइल तैयार की जा रही है। इसे सीडीओ और डीएम के समक्ष रखा जाएगा। योजना पास होने के बाद इस पर पूर्ण रूप से कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
ऐसे होगा कार्य
योजना के तहत शॉर्ट फिल्म को प्रचार गाड़ी के माध्यम से जिले में दिखाया जाएगा। खुले में शौच जाने से पर्यावरण के साथ शरीर को भी होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
जिले में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार गाड़ी के माध्यम से शॉर्ट फिल्म दिखाई जाएगी। इसमें नुकसान और फायदों के बारे में लोगों को बताया जाएगा। प्रस्ताव तैयार करके जिलाधिकारी के पास भेजा जाएगा।
सुरेश चंद्र मिश्र, डीपीआरओ