बरनाहल। डालूपुर मार्ग पर मंगलवार शाम को बाइक सवार लुटेरों ने दंपति से नकदी व जेवर लूट लिए। जान से मारने की धमकी देते हुए लुटेरे गांव वहशी की ओर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव एहमासन नगर निवासी राजेश कुमार मंगलवार की शाम पत्नी गीता व चार वर्षीय पुत्र को लेकर गांव अब्दुल नवीपुर गांव ससुराल जा रहे थे। शाम करीब सात बजे बाइक जब डालूपुर मार्ग पर गैस गोदाम के समीप पहुंची। तभी अपाचे सवार तीन लुटेरों ने तमंचा दिखाकर बाइक को रुकवा लिया। लुटेरों ने गीता के पहने हुए जेवर व 8700 रुपये की नकदी लूट ली।
दंपति को जान से मारने की धमकी देते हुए लुटेरे गांव वहशी जाने वाले मार्ग पर भाग गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश की मगर कोई भी बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकद्मा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।