कोसीकलां (मथुरा)। गांव गिड़ोह के गहवरवन मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की श्रीराधा-कृष्ण की मूर्ति का कोई सुराग नहीं लगा है। इसके चलते बुधवार को मंदिर में पूजा-अर्चना भी नहीं हुई। प्रतीकात्मक दीपक जलाया गया। पुलिस मामले की जांच के लिए मंदिर पहुंची, लेकिन अभी तक कोई विशेष जानकारी हाथ नहीं लगी है।
गिड़ोह के मंदिर से सोमवार- मंगलवार की रात में चोर दरवाजा तोड़कर अष्टधातु की प्राचीन श्रीराधा-कृष्ण की मूर्ति समेत चार मूर्तियों को चोरी कर ले गए थे। चोरों ने मंदिर में आरती का सामान एवं घंटे घड़ियाल भी नहीं छोड़े।
मामले में महंत बालिकदास महाराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को मंदिर में आरती के समय केवल दीपक जलाया गया। सुबह मामले में पुलिस टीम ने पुन: मौके पर एवं गांव में सुराग की तलाश में छानबीन की एवं लोगों से जानकारी भी ली। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
बताते चले कि गहवर वन मंदिर से करीब चार वर्ष पूर्व भी इन्हीं मूर्तियों को चोर चोरी कर ले गए थे। कुछ दिन बाद मूर्तियां राजस्थान के गांव नौगांव में मिली थीं। जिसे ग्रामीण वापस लाए थे।