छापेमार कार्रवाई में सैंपल लेता खाद्य विभाग के अधिकारी।
एटा। मिलावटी दूध कारोबार के खिलाफ छापामार कार्रवाई करने गांव कोयला पहुंची खाद्य विभाग की टीम के साथ ग्रामीणों ने धक्कामुक्की करते हुए अभद्रता कर दी। टीम ने मौके से तीन सौ लीटर मिलावटी दूध सहित तैयार करने का सामान बरामद किया।
थाना मिरहची क्षेत्र के गांव कोयला में मिलावटी दूध का कारोबार किए जाने की सूचना पर शुक्रवार को एसडीएम सदर ब्रजेश कुमार सिंह की देखरेख में खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की।
टीम ने कोयला निवासी रुकमपाल के घर से तीन सौ लीटर मिलावटी दूध और तैयार करने का सामान बरामद किया। अचानक छापामार कार्रवाई को देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने छापा मारने वाली टीम के साथ धक्कामुक्की करते हुए अभद्रता कर दी। वही एसडीएम सदर ने खाद्य विभाग के कर्मचारियों से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
एसडीएम के बुलाने पर नहीं पहुंची मिरहची पुलिस
एटा। कोयला गांव में छापामार कार्रवाई करने पहुंची टीम के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता की। इस दौरान ग्रामीणों ने खाद्य विभाग के पास मौजूद थैले भी छीन लिए। इस पर एसडीएम ने फोन के साथ वायरलेस सेट पर मिरहची थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि सूचना के दो घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में उन्होंने पुलिस की इस कार्यप्रणाली की शिकायत उच्चाधिकारियाें से करने की बात कही है।