मथुरा। मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर गुरुवार की सुबह राया में कोयल फाटक पर गिट्टी से भरा ट्रक फंस जाने से रेल मार्ग दो घंटे ठप रहा। क्रासिंग पर गिट्टी भी बिखर गई थी। सुबह को 8:35 पर बंद हुआ रेल मार्ग करीब 10:35 पर चालू हो सका। इससे दो पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। मथुरा-कासगंज मार्ग सुबह 8:35 पर बंद हो गया था। राया से हाथरस जा रहा गिट्टी से भरा ट्रक राया में कोयल फाटक पर फंस गया। ट्रक का झुकाव एक साइड को हो जाने के कारण गिट्टी भी रेलवे लाइन पर गिर गई। ट्रैक के बंद होते ही रेलवे में हड़कंप मच गया। दो क्रेन मंगवाकर किसी तरह से ट्रक को हटवाने की कोशिश शुरू की गई। सुबह करीब 10:35 पर रेल मार्ग साफ हो सका। इस बीच कासगंज से आगरा को जाने वाली पैसेंजर और अछनेरा से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों को रोक दिया गया था। इन पैसेंजर ट्रेनों के रुक जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को नाराजगी इस बात पर थी कि रेल मार्ग को सही करने में ज्यादा वक्त लगाया गया। जीआरपी और आरपीएफ वाले तो एक घंटे के बाद पहुंचे थे। इस रेल मार्ग पर दिन में छह ट्रेनें चलती हैं।
हाईवे पर पांच किलोमीटर तक लगीं वाहनों की कतार
मथुरा। रेलवे क्रासिंग पर ट्रक फंस जाने से पीलीभीत-बरेली हाईवे पर पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गईं थीं। दोपहर तक अफरातफरी का माहौल रहा। दोपहर बाद से कहीं यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो सकी। लोगों का कहना था कि प्रशासन ने देर से संज्ञान लिया वरना एक घंटे में ही रास्ता साफ हो जाता। जाम लगने के कारण हर कोई परेशान था। किसी को स्कूल के लिए देर हो रही थी तो किसी को आफिस जाने के लिए।