मैनपुरी। किशनी क्षेत्र के गांव गंगदासपुर के ग्रामीण सात दिनों से राशन की दुकान के चुनाव को निरस्त कराने के लिए कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क पर धरना दे रहे हैं।
मंगलवार को पूर्व मंत्री आलोक शाक्य और विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया भी इन लोगों की पीड़ा को सुनने पहुंचे। पूर्व मंत्री और विधायक के साथ ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर उन्हें अपनी मांग से अवगत कराया।
मंगलवार को गंगदासपुर के ग्रामीणों की समस्या सुनने पूर्व मंत्री आलोक शाक्य व विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया तिकोनिया पार्क पहुंचे। धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के साथ पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी से भी मुलाकात की। जिलाधिकारी को ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन भी सौंपा।
डीएम को बताया कि गांव गंगदासपुर में राशन की दुकान को लेकर छह सितंबर को चुनाव हुआ था। जिसमें तहसीलदार को बताया गया था कि प्रत्याशी मीना देवी पत्नी नेम सिंह ने दूसरी ग्राम पंचायत पहाड़पुर के ग्रामीणों को अवैध तरीके से बुलाकर बैठा रखा है। पर, उन्होंने गांववालों की शिकायत की जांच तक नहीं की।
लोगों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार विपक्षी पार्टी से मिले हुए थे। डीएम ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। पर, ग्रामीण राशन की दुकान का चुनाव रद्द कराने तक धरने पर ही डटे हुए हैं। मौके पर मनोज कुमार, बंटी, नृप चौधरी, प्रशांत, सत्यराम, केपी सिंह, सुनील यादव आदि रहे।