मैनपुरी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में शिक्षिकों की उपस्थित के लिए कंट्रोल रूम खोला गया है। इससे आए दिन अनुपस्थित शिक्षकों की पोल खुल रही है। सोमवार को कंट्रोल रूम से फोन करने पर पता चला कि तीन स्कूलों में चार शिक्षक अनुपस्थित हैं। किसी ने शिक्षक दवाई लेने का बहाना बनाया तो किसी ने फोन ही नहीं उठाया। सभी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इतना ही नहीं अंग्रेजी माध्यम से संचालित स्कूल के शिक्षक अंग्रेजी में जवाब नहीं दे सके।
बीएसए कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। सोमवार को कंट्रोल रूम ने अंग्रेजी माध्यम से संचालित प्राथमिक विद्यालय लहरामहुअन फोन किया। इस दौरान कंट्रोल ने शिक्षकों से अंग्रेजी में बात की तो वह जवाब नहीं दे सके। जबकि सभी को साक्षात्कार में पास होने के बाद रखा गया था। वहीं जागीर ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय एलाऊ पर फोन किया तो वहां तैनात समस्त स्टाफ ने बताया प्रधानाध्यापिका सुनीता राठौर आए दिन स्कूल समय में बैंक जाती हैं। जब प्रधानाध्यापिका को फोन किया तो उन्होंने बताया कि उनके यहां उर्दू, गणित विज्ञान का शिक्षक नहीं है। इसलिए वह बीआरसी प्रार्थनापत्र देने गई थीं। अन्य शिक्षक से बात कराने पर उन्होंने कहा कि अब वह दवाई लेने आई हैं।
बरनाहल ब्लाक के उमावि वनगिया में प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार, सहायक अध्यापक सुमन ने फोन ही नहीं उठाया। इससे स्पष्ट था कि यह अनुपस्थित हैं। वहीं प्रावि कैशोपुर में शिक्षिका शिवप्रभा अनुपस्थित रहीं। यह जानकारी कंट्रोल रूम के कर्मचारियों ने बीएसए विजय प्रताप सिंह को दी। उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।