मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र निवासी एक युवती सोमवार को कलक्ट्रेट में आत्मदाह करने के पहुंची। उसने बताया कि फिरोजाबाद निवासी युवक शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक उसका यौन शोषण करता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही तो मना कर दिया। युवती को समझाने के बाद पुलिसकर्मियों ने घर वापस भेज दिया।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के घर करीब एक वर्ष पूर्व फिरोजाबाद निवासी युवक का आना जाना शुरू हुआ था। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। शादी का झांसा देकर युवक ने उससे विवाहेत्तर संबंध बना लिए। करीब दो माह पूर्व युवती ने शादी करने के लिए कहा तो युवक ने साफ इंकार कर दिया। कहा कि वह सरकारी नौकर है दहेज में उसे लाखों रुपये मिल रहे हैं।
वह शादी नहीं कर सकता। युवती ने कई बार इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की। मामला परिवार परामर्श केंद्र में भी चला मगर वहां युवक ने शादी करने से मना कर दिया। उसका कहना था कि नौकरी लगने के बाद युवती जबरदस्ती उससे शादी करना चाहती है। जबकि उसकी और युवती की उम्र में दोगुने का फर्क है। सोमवार को युवती कलक्ट्रेट में आत्मदाह करने के लिए पहुंच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब उससे आने का कारण पूछा तो उसने बता दिया कि वह आत्मदाह करने आई है। इतना सुनते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।