श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले वृंदावन के रमणरेती क्षेत्र स्थित इंटरनेशनल संस्था इस्कॉन से जुड़े आवासीय परिसर में 16 कोरोना संक्रमित मिलने से खलबली मच गई है। दो दिन पहले यहां दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आवासीय परिसर में रह रहे 165 लोगों के नमूने लिए थे। इनमें 14 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सोमवार की इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
पिछले दिनों इस्कॉन से जुड़े संत भक्तिचारु महाराज का निधन अमेरिका में हो गया था। रीति रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार पश्चिम बंगाल में किया गया। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर से कई लोग पश्चिम बंगाल गए थे।
10 से 15 दिन पहले वहां से वृंदावन लौटे इन लोगों में दो लोग कोराना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद आवासीय भवन के संबंधित ब्लॉक को सील कर दिया गया। नगर निगम की टीम ने आवासीय परिसर के ब्लॉक को सील करने के बाद सैनिटाइज किया।