फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी के पास स्थित श्री लक्ष्मी फाउंडेशन हॉस्पिटल में महिला की डिलेवरी के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा किया।
थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। एसएचओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाना उत्तर क्षेत्र के रेहना रोड निवासी सतेंद्र कुमार की पत्नी वर्षा देवी (26) को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन डिलेवरी कराने को नगला बरी स्थित श्री लक्ष्मी फाउंडेशन हॉस्पिटल में ले गए। परिजनों का आरोप है अस्पताल का स्टाफ पहले नॉर्मल डिलेवरी कराने की बात करता रहा।
इस दौरान वहां कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। लेकिन देर रात्रि को ऑपरेशन करने की ही बात कही थी। ऑपरेशन के दौरान देखा तो बच्चा मृत पैदा हुआ। इसकी जानकारी वर्षा देवी के परिजनों को हुई तो डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप था कि बच्चे की मौत डाक्टर की लापरवाही से हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक रसूलपुर तेजबहादुर सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाया। लेकिन परिजन किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
थाना पुलिस ने प्रसव पीड़ित के परिजनों से तहरीर लेने के साथ शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेज दिया। एसएचओ थाना रसूलपुर तेजबहादुर सिंह चंदेल ने कहा प्रसव पीड़िता के परिजन डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे।
इस कारण बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।