शकोहाबाद। ब्रहमाबाद पुलिया के समीप पल्सर सवार युवक का पीछा करते हुए आ रहे डिस्कवर सवार तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। युवक के तीन गोली लगीं। युवक जान बचाने के लिए अपनी बाइक छोड़ लाछपुर स्थित एक स्कूल में घुस गया।
सूचना पर 100 मोबाइल और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को चिकित्सालय लाई। गंभीर हालत देखते हुए फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर रेफर किया।
गांव कटोरा बुजुर्ग निवासी रामनरेश (42) मोहल्ला खेड़ा स्थित एक फौजी के मकान में परिवार के साथ किराए पर रह रहा है। वह सिक्सलेन निर्माण कर रही ओरियंटल कंपनी में काम कर रहा है। रामनरेश ने बताया कि रविवार को छुट्टी होने के कारण अपनी बाइक से ससुराल बड़ी श्यारमऊ जा रहा था।
जब उसकी बाइक ब्रह्माबाद पुलिया के समीप पहुंची, तभी पीछा करते हुए बाइक से आ रहे तीन युवकों ने ओवरटेक कर फायरिंग कर दी। युवक बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए चीखता हुआ लाछपुर स्थित एक कॉलेज में घुस गया। इस दौरान युवक के तीन गोली लग चुकी थीं।
खून से लथपथ युवक के स्कूल में घुसने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सूचना पर 100 मोबाइल और थाना नसीरपुर पुलिस पहुंची और घायल को संयुक्त चिकित्सालय लेकर आई। प्राथमिक उपचार के बाद इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने उसे फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घायल ने बताया कि दो दिन पूर्व उसके बच्चे से पड़ोसी पातीराम के बच्चों के बीच झगड़ा हो गया था। इसे लेकर पातीराम ने उस पर फायरिंग की। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में रेंज स्कीम लागू कर अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।