फिरोजाबाद। थाना उत्तर के टापाखुर्द नाले के समीप खेत में नवजात बालिका का शव पड़ा दिखाई दिया। मौके पर पहुंची थाना उत्तर पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया पर उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस को आशंका है कि किसी ने बाहर हत्या करके शव को यहां फेंका है।
थाना उत्तर के टापाखुर्द नाले के किनारे स्थित बनवारी लाल के खेत में नवजात बालिका का शव शौच को गए लोगों को जब पड़ा दिखाई दिया। इसकी जानकारी होते ही मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर एसएसआई थाना उत्तर अनिल कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बालिका के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा है। बताते हैं कि बालिका का चेहरा काला पड़ा हुआ है।
थाना पुलिस को आशंका है कि कहीं बालिका की तंत्र क्रिया में हत्या तो नहीं की गई है। इस संबंध में एसएसआई थाना उत्तर अनिल कुमार ने बताया कि बालिका की हत्या करके शव फेंका है। बालिका नए कपड़े पहनी थी।