एटा। नगर पालिका बोर्ड गठन के 11 महीने बाद बोर्ड की बैठक सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कहा जाए तो यह ऐसी पहली बैठक थी जिसमें सभी नियमों का ख्याल रखा गया। इससे पहले बैठकें तो हुईं लेकिन मानकों और नियमों की अनदेखी के चलते उन पर प्रशासनिक मुहर नहीं लग सकी। सोमवार
को हुई बैठक में सड़क निर्माण, प्रकाश और पेयजल समेत तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही निर्माण और विकास कार्यों के 75 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में सभासद प्रतिनिधियों का बोलबाला रहा।
सोमवार से पहले नगर पालिका की तीन बैठकें हुईं। लेकिन अब तक कोई भी बैठक पूर्णरूप से सफल नहीं हो सकी है। इस पर सोमवार को नए सिरे से बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी ने की। बैठक में सभी सभासद डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचे। बैठक के दौरान शहर में सड़कों के निर्माण कार्य के 65 और नाला समेत अन्य विकास कार्यों के 10 प्रस्तावों को बोर्ड ने स्वीकृत किया। इसके साथ ही दिवाली पर शहर को रोशन करने के लिए जल्द से जल्द एलईडी बल्ब लगवाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। बैठक के दौरान सभासदों ने तमाम मुद्दों को उठाया। इस मौके पर विधायक सदर विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि शहर में विकास कार्य बेहद आवश्यक हैं। यह अच्छी बात है कि इस बार सभासदों की सहमति बनाकर बैठक कराई गई है। जल्द ही शहर में विकास कार्य कराए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी के प्रतिनिधि पूर्व चेयरमैन राकेश गांधी ने भी विकास कार्य जल्द शुरू कराने की बात कही। बैठक में एक सप्ताह में अनुपम कांपलेक्स का अतिक्रमण हटाने की सहमति बनी।
इन प्रस्तावों पर बनी सहमति
- नगर में 150 नगर 100 वाट एलईडी, 2000 नग 30 वाट एलईडी, 1600 नग 25-25 वाट एलईडी लगाए जाएंगे।
- ठंडी सड़क, पीपल अड्डा, लालपुर से आगरा चुंगी, रेलवे रोड को सीसी और डामरीकृत किया जाएगा।
- नगर में 300 हैंडपंप रीबोर और 250 नए हैंडपंप लगाए जाएंगे।
- शिकोहाबाद रोड पर दोनों ओर नाले का निर्माण होगा।
- आवास विकास कालोनी में पार्क का सौंदर्यीकरण होगा।
- अरुणा नगर में इंटरलाकिंग का कार्य होगा।
- अरुणा नगर में तिकोना पार्क का रखरखाव।
- भदौं नाला के तहत नगर क्षेत्र के नालों का सफाई कार्य होगा।
हर वार्ड में दो-दो गलियों का होगा निर्माण
नगर में हर वार्ड की दो-दो गलियों के निर्माण कार्य के प्रस्तावों पर बोर्ड बैठक में मुहर लगाई गई। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश गांधी ने सदन को बताया कि 14वें वित्त के तहत सड़कों का निर्माण होगा। साथ ही गलियों के प्रस्ताव को शासन से धन की मांग की जाएगी।
नाराज हुए सभासद, टूटी कुर्सी
बोर्ड बैठक के एजेंडा में शहर के एक क्षेत्र के कई प्रस्ताव शामिल किए जाने पर सभासद विशेष यादव ने नाराजगी जताई। जिस पर वे सदन छोड़कर चले गए। बाद में उन्हें पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि और सभासद मनाकर लाए। वहीं बैठक के दौरान सभासद सुनील यादव की कुर्सी अचानक टूट गई। इससे बैठक में व्यवधान हुआ। साथ ही कई सभासदों को बैठने का स्थान नहीं मिलने पर सभासदों ने नाराजगी जताई।
कर्मचारियों को वेतन देने की मांग
बोर्ड बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों को वेतन देने का मुद्दा उठा। पालिका में वेतन को लेकर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया। इस पर सभासद के सत्यापन पर सफाई कर्मियों का भुगतान करने की सहमति बनी।
पालिका कर्मी की अभद्रता की शिकायत
बैठक में सभासदों ने पालिका कर्मियों द्वारा अभद्रता किए जाने की शिकायत की। जिस पर लिखित शिकायत पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। वहीं निलंबित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।
एजेंसी से सही होंगे वाहन, लगेंगे जीपीएस
बैठक में नगर पालिका के वाहनों को अधिकृत एजेंसी से ही सही कराने की सहमति बनी। साथ ही वाहनों में जीपीएस लगाने का प्रस्ताव पारित हुआ।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, नगर पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी, पूर्व चेयरमैन राकेश गांधी, एसडीएम और ईओ नंदलाल वर्मा, जेई लता वर्मा, सभासद बिजेंद्र गुप्ता, उमाकांत चतुर्वेदी, अनुज जैन, मनीष जैन मिल्की, शांतनु चौहान, शाईस्ता, कांतिदेवी, रेनू गुप्ता, साधना पुंडीर, संगीता दिवाकर, प्रेमलता, शबनम, कुसुमा देवी, कुलदीप शाक्य, रियाज अहमद, सुनील यादव, सुनील शर्मा, अशोक यादव, विशेष यादव, इंद्राज यादव, विकास यादव, शैलेंद्र यादव, दिलीप पचौरी, फरजाना बेगम, छोटी देवी मौजूद रहे।