फिरोजाबाद। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने कहा कि जब बेटियां ही नहीं होंगी तो फिर देश और समाज कैसे चलेगा। जिस घर में बेटियां होती हैं वहां वैभव,धन की कोई कमी नहीं होती।
राज्यपाल बेबीरानी मौर्य सोमवार को नगर के महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान परिसर में विद्यालय के संस्थापक पंडित बाल बिहारीलाल शर्मा की प्रतिमा के अनावरण एवं पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहीं थी। शहर के उन दानदाताओं की तारीफ की जिन्होंने बेटियों की पढ़ाई को यह संस्थान स्थापित किया। उन्होंने कहा पहले बेटा-बेटियों में फर्क नहीं होता था। कहा कि मेरे संयुक्त परिवार में 15 बेटियां हैं। यहां कभी भेदभाव नहीं किया। जितना दूध भाइयों को मिलता था उतना मुझे।
यही कारण है कि मैं यहां हूं। बेटियों से कहा कि यदि बेटी का लक्ष्य हैलीकॉप्टर में बैठने और उसे उड़ाने का हो तो उसे रोके नहीं बल्कि आगे बढ़ें। विधायक मनीष असीजा ने बेटियों की शिक्षा के लिए कामर्स एमबीए की फैकल्टी के लाने की पहल करने की बात रखी।
मेयर नूतन राठौर ने कहा कि बेटियों को बेटों के बराबर हक दें, वह आसमान से तारों को तोड़ लाएंगी। डीएम नेहा शर्मा ने कहा आगे बढ़ने के लिए दो चीजों की जरूरत होती है। साहस, पराक्रम और संवेदनशीलता। मंचासीन अतिथियों का सम्मान संयोजक अनिल उपाध्याय, डीएन शर्मा, राजेश्वर प्रसाद बंसल, शिवकांत, उद्योगपति राजकुमार मित्तल ने किया।
प्राचार्या डा. निर्मला यादव ने राज्यपाल को प्रशस्ति पत्र भेंट किया। संचालन डा. प्रियदर्शनी उपाध्याय ने किया। इस दौरान शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा, एसएसपी सचिंद्र पटेल, सीडीओ नेहा जैन, प्रदीप गुप्ता, राजकुमार मित्तल, सतीशचंद्र गुप्ता, प्रकाश चंद्र चतुर्वेदी, अशोक चतुर्वेदी मौजूद थे। कालेज परिसर में नया पुस्तकालय शहर के प्रमुख उद्योगपति राज कुमार मित्तल ने अपने पिता रामनिवास मित्तल की स्मृति में कालेज को दिया है।
बेबीरानी मौर्य ने बेटी बचाओ एवं बेटी पढ़ाओ की एमजी कालेज की बालिकाओं की प्रस्तुति देखकर कहा कि मेरा मन व्यथित हुआ कि आखिर इसकी क्या जरूरत पड़ गई। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन प्रकाश जैन का नाम लिया। बोलीं कि रक्षाबंधन के दिन पहले मुझसे राखी बंधवाने के बाद ही अपनी बहनों से राखी बंधवाते हैं।
बेबीरानी मौर्य का छात्राओं ने सम्मान किया। भाजपा नेता भगवानदास शंखवार ,केके गांधी, केडी जाटव, सोबरन सिंह व गुलाब सिंह ने भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा राज्यपाल को भेंट की। भाजपा के पार्षद अजय गुप्ता, प्रकाश भारद्वाज, किशोर अग्रवाल बंटी ने प्रतीक चिह्न भेंट किए। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद बोहरे, संजय जैन, मनोज बंसल, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेश यादव, डीआईओएस रितु गोयल भी मौजूद रहीं।