फिरोजाबाद/कठफोरी। थाना सिरसागंज में उखरेंड के पास ट्रक और कार के बीच बाइक फंसने से फ्रेट कॉरिडोर में काम करने वाले दो फिटर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरे ने आगरा जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
इटावा के शांति कालोनी निवासी शैलेंद्र सिंह (26) पुत्र संतराम सिंह और मैनपुरी करहल थाना के कुम्हेरी निवासी जितेंद्र (27) पुत्र शेरसिंह भदौरिया फ्रेेट कॉरिडोर में फिटर पद पर काम करते थे। गुरुवार शाम करीब आठ बजे मक्खनपुर में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनो थाना सिरसागंज क्षेत्र के उखरेंड के पास पहुंचे तो ट्रक एवं महेंद्रा एक्सयूवी के बीचफंसने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाई। जहां ट्रामा सेंटर में डाक्टर ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
जबकि गंभीर हालत में जितेंद्र को आगरा रेफर कर दिया गया। जितेंद्र ने आगरा जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुूंचे। दोनों की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की मानें तो दोनों एक साथ घर लौटते थे। इधर सिरसागंज एसएचओ दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
मैनपुरी थाना करहल के कुम्हेरी निवासी जितेंद्र अपनी चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। पिता शेर सिंह की मौत करीब 20 वर्ष पूर्व हुई थी। मां मायादेवी ने उसे बड़ा करने के साथ बेटियों की शादी की थी। जितेंद्र की पत्नी पिंकी ने छह दिन पूर्व बेटे को जन्म दिया था। मायादेवी घर में पौत्र आने से खुश थी। उसे क्या पता था कि छह दिन के बाद उसका बेटा साथ छोड़ जाएगा।