मैनपुरी। स्काउट गाइड भवन में गुरुवार को पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संगठनों ने भाग लिया।
बैठक में सभी संगठनों के जिलाध्यक्षों को संयोजक मंडल सदस्य नामित किया गया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मैनपुरी के जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त से जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पांच सितंबर को मंडल मुख्यालयों पर धरना देकर सांसद, विधायक पुरानी पेंशन छोड़ो दिवस मनाया जाएगा। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद पांडेय ने कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी लामबंद हो चुके है। प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुजीत चौहान ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा हक है।
बैठक में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाइस्कूल शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोशिऐशन, राजकीय शिक्षक संघ, मृतक आश्रित शिक्षणेतर कर्मचारी संघ, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोशिएशन, माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ, रोडवेज एंप्लाइज यूनियन, अटेवा एवं आरक्षित शिक्षक सेवा एसोशिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर सत्यवीर सिंह, राजीव यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, आराध्य पांडेय, नवीन सक्सेना, राजकिशोर, कृष्णकांत, अवधेश शाक्य, नृपेंद्र शर्मा रहे।