भगवान जगन्नाथ की पूजा करते पुजारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
वृंदावन (मथुरा)। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर भगवान कृष्ण की क्रीड़ा भूमि वृंदावन में भी रथयात्रा महोत्सव शनिवार को श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ रथ में विराजित होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे।
वृंदावन के सप्त देवालयों में रथयात्रा महोत्सव की तैयारियाें के साथ ही रथों की सफाई, रंगाई और मरम्मत के कार्य में पूरा कर लिया है। जगन्नाथ घाट स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा के रथों को सजाया संवारा गया है। महंत ज्ञान प्रकाश पुरी ने बताया कि जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर मनाए जाने वाले रथयात्रा महोत्सव के अंतर्गत मंदिर में 14 जुलाई की दोपहर 3:30 बजे मंदिर से तीन अलग-अलग रथों में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की यात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा नगर भ्रमण करती हुई ज्ञान गूदड़ी पहुंचेगी।
अगले दिन मंदिर में विशेष छप्पन भोग के दर्शन होंगे। इधर, वृंदावन में मनाए जाने वाले रथयात्रा महोत्सव के अंतर्गत कुछ रथ नगर में भ्रमण करते हुए ज्ञानगूदड़ी तक जाएंगे। वहीं कुछ मंदिरों में ही ठाकुरजी रथ विराजमान हो दर्शन देंगे।
इन मंदिरों में मनेगा रथयात्रा महोत्सव
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, राधा दामोदर मंदिर, राधा श्याम सुंदर मंदिर, राधा गोपीनाथ मंदिर, मदन मोहन मंदिर, राधा गोविंददेव मंदिर, गोकुलानंद मंदिर, सनेह बिहारी मंदिर, राधारमण मंदिर और राधावल्लभ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव मनेगा।