एटा। जिले के परिषदीय स्कूलों पर बिजली विभाग का 7.16 करोड़ से अधिक का राजस्व बकाया है। बिजली विभाग ने परिषदीय अधिकारियों को विद्युत बिल भुगतान का नोटिस भेजा है।
बच्चों के नाम पर परिषदीय स्कूलों में करोड़ों रुपये की बिजली का उपभोग हो रहा है। जिले में संचालित 1927 परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों पर बिजली विभाग का सात करोड़ सोलह लाख रुपये बकाया है। बताते चलें कि जिले में संचालित 1366 प्राथमिक विद्यालयों में से 976 स्कूल विद्युतीकृत एवं ऊर्जीकृत हैं। वहीं सभी 561 उच्च प्राथमिक विद्यालय ऊर्जीकृत हैं। विद्युत अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते एरियर के बाद भी प्राथमिक शिक्षा विभाग बिलों का भुगतान नहीं कर रहा।
बीते दो वर्ष से परिषदीय स्कूलों के विद्युत बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते राजस्व बढ़ता जा रहा है। बड़े एरियर को लेकर शिक्षा अधिकारी को भुगतान के लिए पत्र लिखा गया है।
सोपाली सिंह, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण