फिरोजाबाद/सिरसागंज।सिरसागंज नगर में मंगलवार दोपहर शिकोहाबाद स्थित एक बैंक से पैसे लेकर सिरसागंज आ रहे एक सहायक अध्यापक को लुटेरों ने अपना शिकार बना दिया। पुलिस ने दो लुटेरों को हाईवे पर ही पकड़ लिया।
घटना मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे की है जब रामप्रताप पुत्र शोभाराम निवासी कौरारा रोड सिरसागंज ने शिकोहाबाद स्टेट बैंक से एक लाख की नकदी निकाली और सिरसागंज के लिए बाइक से चल दिए लेकिन धातरी पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर रुपयों से भरा थैला छीन कर सिरसागंज की ओर भागे। वहीं अध्यापक ने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी। जैसे ही वायरलेस पर संदेश गूंजा सिरसागंज हाईवे पर पेट्रोलिंग कर ही पुलिस की गाड़ी बदमाशों की तलाश में निकल पड़ी।
वहीं सिरसागंज की ओर आ रहे बदमाशों ने जब पुलिस को आते देखा तो बाइक मोड़ दी लेकिन तब तक शिकोहाबाद की ओर से भी पुलिस की गाड़ियां बदमाशों की तलाश में निकल चुकी थीं। अपने आप को घिरता हुआ देख बदमाशों ने बाइक को खेतों में उतार दिया लेकिन एक बदमाशा मौके से भागने में कामयाब हो गया, जबकि दो को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि इन बदमाशों से काफी वारदातों का खुलासा हो सकता है।