मई में गर्मी हर रोज अपने रिकार्ड तोड़ रही है। शनिवार को भी गर्मी व चिलचिलाती धूप के चलते आसमान से आग बरसी। सुबह आठ बजे के बाद ही धूप ने अपनी तपिश दिखानी शुरू कर दी। दोपहर में तो तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर को झुलसाती रहीं। जिससे लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। वहीं शाम को धूल भरी आंधी ने आफत खड़ी की।
तेज गर्मी और लू की वजह से शनिवार को पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। गर्मी के भीषण रूप से जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर में तो हालत यह हो गई कि लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया। लू के थपेड़ों ने सड़क पर पैदल चलना मुश्किल कर दिया। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा सा पसरा रहा। धूप की वजह से दिन में आंख तक नहीं ठहर रही है। वहीं शाम को आसमान में काले बादल घिरे, तो लोगों को बारिश की आशंका के चलते राहत मिलने की उम्मीद नजर आई। मगर धूल भरी आंधी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ाईं। आंधी के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाते नजर आए। करीब आधा घंटे तक चली आंधी में जिले में कई दुकानों के टिन शेड और झोपड़ियों के छप्पर उड़ गए।
हीट स्ट्रोक के बढ़ रहे मरीज
गर्मी के चलते लोग तेजी से हीट स्ट्रोक की चपेट में भी आ रहे हैं। इसमें डायरिया, उल्टी, दस्त, बुखार आदि के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को 2500 से ज्यादा मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। इसके साथ ही डायरिया के 12-15 मरीज भर्ती कराए गए हैं। इसके साथ ही निजी डाक्टरों के यहां भी मरीजों की भीड़ देखने को मिली।
गर्मी से बचने को तमाम जतन
गर्मी से बचने के लिए लोग तमाम तरह के जतन भी कर रहे हैं। आलम यह है कि दोपहर के वक्त घर से निकलते समय लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधना पड़ रहा है। इसके साथ ही ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ चुकी है। लोग गन्ने का रस, मैंगो शेक, लस्सी, शिकंजी के जरिए अपनी से राहत पाने के उपाय कर रहे हैं।
जाम के चलते परेशान रहे लोग
शनिवार को जाम ने लोगों को खासा परेशान किया। जीटी रोड पर पूरे दिन वाहनों की कतारें लगी रहीं। जनता दुर्गा मंदिर चौराहा, जिला अस्पताल, घंटाघर चौराहा, हाथी गेट पर वाहन फंसे रहे। इसके चलते लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बिजली ने बढ़ाई लोगों की दिक्कत
गर्मी के साथ बिजली कटौती ने लोगों की दिक्कत बढ़ाई। शहर में पूरे दिन बिजली कटौती रहने से कूलर, पंखें भी लोगों को गर्मी से राहत दे न सके। सुबह 11 बजे से हुई बिजली कटौती देर शाम तक सुचारु नहीं हो सकी। इस दौरान लोगों के घर और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी ठप हो गए।
तापमान एक नजर में
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
15 मई 40 24
16 मई 41 24
17 मई 42 26
18 मई 41 25
19 मई 44 28