फिरोजाबाद। गांव नगला नथुआ में बेटी की हत्या उसके पिता एवं भाई ने सिर्फ इसलिए कर दी कि वो गैर बिरादरी के युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। इसी महीने थाना जसराना के ग्राम चनारी में पिता द्वारा अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जांच के बाद पिता को जेल भेज दिया। लेकिन जिले में पहले भी ऑनर किलिंग की वारदातें हो चुकीं हैं।
झूठी शान के लिए अपनों के हाथों अपनों को मौत की नींद सुलाने ( ऑनर किलिंग) के मामले जिले में पहले भी होते रहे। थाना जसराना के गांव चनारी में किशोरी की हत्या उसके पिता ने इसलिए कर दी थी कि वो गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में एक गांव के प्रेमी एवं प्रेमिका होने के कारण दोनों को रेलवे लाइन पर रख दिया था।
मामला एक ही गांव का होने से परिजन शव लेने तक नहीं आए थे। पुलिस इनकी शिनाख्त आज तक नहीं करा पाई है। टूंडला क्षेत्र में प्रेमी युगल के फोटो वायरल होने पर युवक की हत्या कर दी गई थी। वहीं 27 दिसंबर 2016 थाना सिरसागंज के गांव पुरा में रवि एवं स्कूली छात्रा प्रवेश की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई थी। दोनों के शव कुएं में मिले थे।
सिरसागंज के नगला नाथू में हुई किरन की हत्या के मामले में बडे़ भाई हरीशंकर की पत्नी राखी का कहना है कि विगत 20 अप्रैल को जब अपने ननद की बेटी की शादी से लौट कर गांव आई तो किरन और उसके प्रेमी ने उससे मारपीट कर गांव से भगाया था। राखी का कहना है पिछले कई दिनों से किरन गांव के मकान में अकेली रहती थी। जबकि ससुर मुन्नीलाल और देवर आकाश बाहर नौकरी करने गए थे। राखी का आरोप है कि किरन की हत्या उसके प्रेमी और सार्थियों ने की है।