जैंत (मथुरा)। शनिवार को जैंत चौकी के नगला सुरीर के समीप नाले में विवाहिता का शव मिला। विवाहिता की मौत की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने गला दबाकर हत्या करके शव नाले में फेंकने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया। हरकत में आई जैंत पुलिस ने पति और देवर को हिरासत में लिया है।
जैंत चौकी के नगला सुरीर निवासी इतवारी के बेटे विष्णु और श्याम का विवाह गांव बढ़ौता निवासी पातीराम की बेटी आरती व राखी से साल 2015 में हुआ। आरती तो विदा होकर ससुराल आ गई, पर मायके वालों ने राखी को विदा नहीं किया। विवाह के बाद से दोनों परिवारों में मनमुटाव शुरू हो गया। बताते हैं कि करीब 25 दिन पूर्व भी दोनों परिवारों में पंचायत में फैसला होने के बाद आरती को ससुराल भेजा गया। शनिवार की सुबह नगला सुरीर के समीप नाले में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जैंत पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। इसी बीच खबर पाकर मायके वाले भी नगला सुरीर पहुंच गए। भाई श्रीचंद का आरोप है कि उनकी बहन की गला दबाकर हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। भाई की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।