फिरोजाबाद/जसराना। यूपी बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों से भरी मैजिक ट्रक से टकरा गया। हादसे में तीन परीक्षार्थी घायल हो गए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मैनपुरी के थाना करहल के नगला रते निवासी एक दर्जन से अधिक परीक्षार्थियों ने अमृत सिंह आर्य इंटर कालेज से फार्म भरा था। परीक्षा केंद्र निधौली कलां का सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल है। मंगलवार को एक लोडिंग मैजिक में पंद्रह परीक्षार्थी सवार होकर कालेज पेपर देने जा रहे थे।
जसराना के बाईपास चौराहे पर आकर चालक ने लापरवाही से मैजिक को एटा की तरफ मोड़ा, वहीं शिकोहाबाद की तरफ से जा रहे ट्रक को मैजिक दिखाई नहीं दी और दोनों में टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। लोगों की मदद से घायल आशीष, रिंकू एवं बीएस यादव को छात्रों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां मामूली रूप से घायल परीक्षार्थियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल छात्र उपचार कराने के बाद परीक्षा देने चलने गए।