मैनपुरी। दूसरी शादी रचाने की चाहत में एक युवक विनय से अब्दुल्ला बन गया। मैनपुरी अपने रिश्तेदार के घर आकर युवक ने कलमा पढ़कर इस्लाम धर्म कबूल किया।
धर्म परिवर्तन की सूचना देने के लिए युवक ने एसपी बिजनौर को पत्र भी लिखा। पूरे वाकये का खुलासा युवक का एसपी को लिखा पत्र वायरल होने के बाद हुआ।
जिला बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की कुछ समय पूर्व शादी हुई थी। कुछ समय बाद पत्नी किसी बात से नाराज होकर मायके चली गई।
करीब एक महीने तक युवक ने पत्नी को नहीं बुलाया। इसके बाद फैसला कर लिया कि वह अब पत्नी को तलाक देकर दूसरी शादी करेगा लेकिन हिंदू धर्म में पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना और तलाक लेना आसान नहीं था। किसी साथी ने उसे इस्लाम धर्म कबूल करने की सलाह दे दी। इस पर अमल कर वह मैनपुरी निवासी एक रिश्तेदार के घर आ गया।
इसके बाद उसने शहर के कई अधिवक्ताओं से सलाह ली। चार दिन पहले एक अधिवक्ता से बात कर एसपी बिजनौर के लिए एक प्रार्थना-पत्र लिखवाया। इसमें लिखा कि उसने अपनी मर्जी से परिवार वालों के सामने कलमा पढ़कर धर्म बदल लिया है। अब उसे अब्दुल्ला के नाम से जाना जाए।
धर्म बदलने के बाद युवक शहर से चला गया। उसके चले जाने के बाद लिखा हुआ पत्र जब वायरल हुआ तब घटनाक्रम का खुलासा हुआ।