एटा। नकल विहीन बोर्ड परीक्षाएं जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिले में किसी कीमत पर नकल नहीं होने दी जाएगी। कलक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित किशोर ने कहा कि परीक्षाओं को लेकर शासन के कड़े निर्देश हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ही नहीं पुलिस एवं प्रशासन भी तैयार है। नकल में लिप्त प्रधानाचार्य, शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकल के लिए कुख्यात जिले की छवि बदलनी चाहिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक आंतरिक व्यवस्थाएं संभालें। बाहर कुछ भी नहीं होने दिया जाएगा। हर केंद्र पर पुलिस बल रहेगा। किसी भी सूचना पर पांच मिनट में पुलिस की गाड़ी पहुंचेगी। बीएसए एसके तिवारी ने कहा कि कक्ष निरीक्षकों की कमी नहीं होने दी जाएगी। मांग के अनुरूप शिक्षक शिक्षिकाएं आवंटित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे।
डीआईओएस एसपी यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी नहीं होने दी जाएगी। साढ़े तीन हजार से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अनुपस्थित का वेतन काटा जाएगा। बैठक में सीडीओ उग्रसेन पांडेय, एसडीएम बृजेश सिंह, महेंद्र सिंह तंबर, विजय कुमार आदि प्रमुख हैं।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोले जाएंगे प्रश्नपत्र
बोर्ड प्रभनश्नपत्र बाहरी केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोले जाएंगे। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल की सीलिंग भी इनके सामने की जाएगी। यह पूरा कार्य सीसीटीवी कैमरों के सामने होगा। इसी सप्ताह प्रश्नपत्रों का वितरण किया जाएगा।
केंद्र व्यवस्थापकों ने मांगा फर्नीचर व कर्मचारी
महानमई, वाकलपुर, रामनगर एवं कुसवा राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाध्यापकों ने फर्नीचर व कर्मचारी न होने की बात कही। इनका कहना है कि बिना चतुर्थश्रेणी कर्मचारी के परीक्षा व्यवस्थाएं कैसे सुचारु की जाएं। इस पर डीआईओएस यादव ने कर्मचारी देने का आश्वासन दिया।
बोर्ड परीक्षा की स्वंय समीक्षा करेंगे सीएम योगी
एटा। प्रदेश के मुख्यमंत्री आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की स्वयं समीक्षा करेंगे। 30 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी एवं उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिलाधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षकों से रूबरू होकर बोर्ड परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेेंगे। गलत सूचनाओं पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र व्यवस्थाओं से लिखित घोषणापत्र भी लिया जा रहा है। बताते चलें कि 87386 बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा: अभी तक नहीं आई हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं
कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए उत्तर पुुस्तिका भेजने में लापरवाही बरती जा रही है। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं तो अभी तक नहीं आई हैं। जिससे इनका वितरण शुरू नहीं हो सका है। जबकि परीक्षा 6 फरवरी से शुरू होनी है। परीक्षा में 14 दिन ही शेष रह गए हैं। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिका एवं हाईस्कूल की ब उत्तर पुस्तिका तो एक सप्ताह पहले ही भेज दी। बोर्ड परीक्षा के सभी विषयों के प्रश्नपत्र भी चार दिन पहले जनपद आ चुके हैं। अभी तक हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका एवं इंटरमीडिएट की ब उत्तर पुस्तिका नहीं भेजी। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएसएस राजपूत ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की डिमांड भेजी जा चुकी हैं। जल्द ही उत्तर पुस्तिकाओं के जनपद में पहुंचने की उम्मीद है।