एटा। पिलुआ पुलिस ने अरुणाचल में बिकने वाली शराब की 295 पेटियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत तकरीबन दस लाख रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि थाना पिलुआ पुलिस भदवास वार्डर समीप गश्त कर रही थी। तभी मौके से गुजर रहे कैंटर को पुलिस ने रुकवाया और जांच की। कैंटर में तकरीबन दस लाख रुपये की अरुणाचल प्रदेश की शराब रखी थी। इस पर पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक प्रदीप चौहान पुत्र अमर सिंह निवासी गैली थाना बेला औरेया को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत दस लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि चालक को पंजाब से बिहार शराब पहुंचाने के लिए साठ हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस को पकड़े गए चालक के कब्जे से एक फर्जी बिल्टी वाले कागजात भी मिले है। पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
10 लीटर कच्ची शराब पकड़ी
राजा का रामपुर। पुलिस ने बिल्सड़ तिराहे से प्रमोद पुत्र सोनेलाल निवासी किशनपुर और विमल पुत्र उदयवीर निवासी गढ़िया जगन्नाथ को पांच-पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।