वृंदावन (मथुरा)। बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ का संदेश के साथ 450 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकलीं अंबाला की प्रतिभा पुंडीर गुुरुवार को शांति सेवा धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रियाकांतजू मंदिर में दर्शन कर पूजन किया।
पेशे से टेक्सटाइल डिजाइनर प्रतिभा ने कहा कि बेटियां कमजोर नहीं है वे इच्छा शक्ति के बल पर कुछ भी कर सकती हैं। लोग यह कहते हैं कि बेटों से वंश चलता है, लेकिन उन्हें यह भी समझना होगा कि वंश बढ़ाने के लिए बेटा ही नहीं बल्कि बेटियां भी जरूरी हैं। आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। पैरों में छाले पड़ने पर प्रतिभा ने कहा कि वृंदावन की पावन भूमि पर कदम रखते ही नवीन ऊर्जा का संचार हुआ है। इस अवसर पर शांति सेवा धाम प्रभारी रवि रावत, कनकधारा फाउंडेशन की अध्यक्ष लक्ष्मी गौतम, दाऊदयाल महाराज, गजेंद्र सिंह, जगदीश वर्मा आदि ने स्वागत किया।
सेना के दो जवान भी दे रहे हैं साथ
वृंदावन। बेटियों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर पैदल चल रहीं प्रतिभा के साथ सेना के दो जवान भी चल रहे हैं। प्रतिभा के पति लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष सैंगर 20 दिन की छुट्टी लेकर 10 साल के बेटे एरोन और पांच वर्ष की बेटी एवनेर का साथ दे रहे हैं। उनके सफर में मनीष की यूनिट के दो जवान एमके थामस और एस चैन्ना लक्ष्मण साथ हैं।