मथुरा। प्रदेश सरकार द्वारा नए सिरे से सामूहिक शादियां कराने के लिए प्रशासनिक अमला जुट गया है। चालू वित्तीय वर्ष में समाज कल्याण विभाग 475 युवतियों की सामूहिक शादियां कराएगा। शादियों में एक करोड़ 31 लाख रुपया खर्च किया जाएगा।
अब तक अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति के लोगों के लिए 20 हजार रुपया शादी अनुदान मिलता था। अब योगी सरकार ने कम खर्च में बेहतर शादी करने की सामूहिक विवाह योजना शुरू की है। इसमें प्रशासन एक शादी पर 35 हजार रुपया खर्च करेगा। इसमें शादी करने वाली युवती के खाते में 20 हजार रुपये समाज कल्याण जमा कराएगा। 10 हजार का सामान और पांच हजार रुपया दावत आदि पर खर्च होंगे।
सामूहिक शादी कराने के लिए ब्लाक, तहसील व बड़े गांव नगर पंचायत क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। समाज कल्याण अधिकारी करुणेश त्रिपाठी ने बताया कि इसे लेकर संशोधित शासनादेश मिल गया है। इसे लेकर बुधवार को प्रभारी डीएम पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर आयुक्त, नगर पंचायतों नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, सभी तहसीलों के एसडीएम, बीडीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ईओ डूडा सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी तय की गई।