एटा। शहर में बेलगाम दौड़ने वाले ई-रिक्शों पर पुलिस ने अंकुश लगाने की तैयारी की है। शहर को छह जोन में बांटकर अलग-अलग जोन में ई-रिक्शों को संचालन के लिए निर्धारित किया है। सभी जोन के ई-रिक्शों पर दर्ज होने वाले नंबर का रंग भी अलग होगा। रविवार को दर्जनों की संख्या में ई-रिक्शों पर नंबर दर्ज कराए गए हैं।
शहर में चलने वाले ई-रिक्शों पर हर मार्ग पर दौड़ने की पाबंद लगाई गई है। सीओ सिटी ने बताया कि शहर को ई-रिक्शा के लिए छह जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में चलने वाले ई-रिक्शों पर नंबर अलग रंग से दर्ज कराए जाएंगे। रविवार को पुलिस लाइन में दर्जनों ई-रिक्शों को एकत्रित किया गया। यहां ट्रैफिक पुलिस की देखरेख में जोन के हिसाब से ई-रिक्शों पर नंबर अंकित कराए गए।
इसके साथ ही सीओ सिटी ने मौजूद ई-रिक्शा चालकों को अपने निर्धारित जोन में रहने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि दूसरे जोन का ई-रिक्शा कहीं मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जोन रूट का हिसाब
प्रथम जोन-----अलीगंज तिराहे से माया पैलेस चौराहा
द्वितीय जोन----ठंडी सड़क तिराहा से शिवसिंहपुर तक
तृतीय जोन----हाथीगेट से लेकर शिकोहाबाद रोड तक
चतुर्थ जोन----अलीगंज रोड से बागवाला मार्ग,सकीट मार्ग तक
पंचम जोन-----गांधी मार्केट से लेकर जेल रोड, आगरा रोड तक
छठवां जोन----निधौलीकलां रोड, अलीगढ़ और कासगंज रोड तक
शहर में सात स्टैंड होंगे बाहर
एटा। शहर के अंदर बने करीब सात वाहन स्टैंड बाहर कराए जाएंगे। अलीगंज तिराहा, रोडवेज वर्कशॉप, जिला अस्पताल समीप, माया पैलेस चौराहा सहित अन्य जगहों को चिह्नित किया जा रहा है। इन स्थानों से डग्गेमार वाहनों का संचालन किया जाएगा।
जाम से लोगों को मिलेगी निजात
शहर में ई-रिक्शा संचालन को लेकर जोन के हिसाब से रूट चार्ट तैयार होने के बाद जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। हर ओर दौड़ने वाले ई-रिक्शों का अपने क्षेत्रों में रहने से लोग जाम से निजात महसूस करेंगे।