मथुरा। नीली-लाल बत्ती लगाकर लग्जरी गाड़ी से शराब की तस्करी की जा रही थी। हरियाणा से तस्करी करके आगरा जा रही शराब का जखीरा जैंत पुलिस ने पकड़ा है। गाड़ी सवार दो तस्कर पुलिस को गच्चा देकर भाग खड़े हुए। पकड़ी गई शराब की कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है।
हरियाणा से तस्करी की शराब मथुरा होकर ले जाना कोई नई बात नहीं है। मंगलवार को जैंत चौकी प्रभारी चतर सिंह चेकिंग में जुटे हुए थे। हरियाणा की तरफ से लाल-नीली बत्ती लगी आ रही लग्जरी गाड़ी इंडीवर को रुकने का इशारा किया। गाड़ी की रफ्तार तेज हुई तो पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।
गाड़ी से उतरे दो युवक पुलिस को गच्चा देकर भाग खडे़ हुए। पुलिस ने गाड़ी से दो लाख रुपये की अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की है। चौकी प्रभारी चतर सिंह ने बताया कि शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये है। रॉयल स्टैग की शराब हरियाणा से तस्करी करके आगरा ले जाई जा रही थी।