एटा। देर रात अचानक झोपड़ी में लगी आग की चपेट में आकर तीन बच्चे झुलस गए। जिन्हें परिजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आग पर ग्रामीणों ने काबू पाया।
थाना सकरौली क्षेत्र के गांव जलूखेड़ा निवासी गोपाल गुरुवार रात को बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रहा था। तभी उसकी झोपड़ी में आग लग गई। अचानक लगी आग को देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। आस-पास के लोग जाग गए और वे मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह झोपड़ी से सामान और बच्चों को बाहर निकाला।
आग की चपेट में आकर गोपाल के बेटे निशु (7), मुस्कान (5) और यश (4) झुलस गया। जिसे परिजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आग से घरेलू सामान और अनाज आदि भी जल गया।