मथुरा। दिल्ली और एनसीआर में आने वाले जिलों में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध के बाद यहां के लोगों ने पश्चिमी उत्तरप्रदेश के जिलों से पटाखों की खरीद शुरू कर दी है। एनसीआर से बाहर रहने वाले रिश्तेदारों से आतिशबाजी मंगवाई जा रही है। ब्रज के सैकड़ों परिवार एनसीआर में रह रहे हैं जो मथुरा से आतिशबाजी खरीदकर ले जा रहे हैं। एनसीआर में 31 अक्तूबर तक पटाखा बिक्री पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुड़गांव, पलवल, फरीदाबाद, भरतपुर और अलवर में आतिशबाजी की बिक्री नहीं हो सकेगी। लिहाजा इन शहरों में रहने वाले लोगों ने अभी से आतिशबाजी की व्यवस्था करनी शुरू कर दी है। मथुरा, आगरा और अलीगढ़ जिलों के तमाम लोग एनसीआर में रह रहे हैं जिन्होंने पटाखों के लिए आर्डर दे दिए हैं। मथुरा निवासी रोहित गुप्ता नोएडा में रह रहे हैं। उनका कहना है कि छोटे भाई से कह दिया है कि वह बच्चों के लिए आतिशबाजी भिजवा देगा। देशराज शर्मा ने बताया कि उनके भाई का परिवार दिल्ली में रहता है। बच्चे जो आतिशबाजी छोड़ेंगे उसे मथुरा से खरीदकर पहुंचा देंगे। वहीं एनसीआर के लोगों ने बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की खरीद शुरू कर दी है। यह सभी लोग बाजार न लगाकर घर-घर पटाखों की सप्लाई कर रहे हैं। एक मोहल्ले से 20 से 30 लोगों से आतिशबाजी के आर्डर ले रहे हैं और एनसीआर के बाहर वाले जिलों से जाकर खरीद कर रहे हैं। एनसीआर से बढ़ी मांग के कारण इस बार पटाखा बाजार भी पहले से शुरू हो गया है।
बसों में चेकिंग के आदेश जारी किए
मथुरा। पुलिस को सूचना मिल रही है कि बसों से आतिशबाजी एनसीआर के शहरों को सप्लाई की जा रही है। लिहाजा पुलिस ने चेकिंग शुरू करा दी है। जगह-जगह बसों को रोककर चेक किया जा रहा है।