मैनपुरी। जनपद में मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ हर तरफ दिखाई दे रही है। अब जिला अस्पताल के कर्मचारी भी बुखार की चपेट में आने लगे हैं।
पिछले एक महीने से जनपद में बुखार का प्रकोप जारी है। पहले बुखार की शुरूआत वायरल से हुई थी। अब मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ चली है। इसके अतिरिक्त जनपद में डेंगू के मरीज भी मिल रहे हैं।
जिला अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट धीर सिंह में पूर्व में डेंगू के लक्षण मिले थे जबकि अब जिला अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट अजय कुमार को भी बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया है।
मंगलवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। यहां मंगलवार को 55 मरीजों को गंभीर हालत के चलते भर्ती कराया गया। लगातार बढ़ रही बुखार के मरीजों की संख्या से विभाग भी चिंतित है।
जनपद में हावी बुखार के बीच स्वास्थ्य केंद्रों से डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायत को सीएमओ ने गंभीरता से लिया है। सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय से केंद्र पर पहुंचकर मरीजों को उपचार दें। यदि लापरवाही बरती गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।