फिरोजाबाद (सिरसागंज)। सिरसागंज के ब्लाक मदनपुर और अरांव में डेंगू, वायरल का प्रकोप है। मंगलवार को भी कई मरीजों ने प्राइवेट पैथौलॉजी में जांच कराई तो इसकी पुष्टि हुई। जबकि तीन सप्ताह तक सरकारी अस्पताल की टीम के चेकअप में बीमारी की पुष्टि नहीं हुई थी।
ब्लाक मदनपुर के ग्राम गुढ़ा में आधा दर्जन लोगों का डेंगू का इलाज चल रहा है। पैथोलॉजी में इसकी पुष्टि भी हुई। ग्राम गुढ़ा में रहने वाले सुधाकर यादव के बारह वर्षीय बेटे हिमांशू को बुखार आया उसके बाद उसका बदन टूटने लगा जब बच्चे पिता ने प्राइवेट पैथोलोजी पर जाकर जांच कराई तो डेंगू निकला।
इसके दो दिन बाद ही सुधाकर की बेटी स्तुति यादव में भी डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं गुलाब सिंह के घर पर डेंगू तथा वायरल के तीन मरीजों को ड्रिप चढ़ रही थी। इनमें पुष्पेन्द्र यादव, रामगोपाल यादव और एक अन्य मरीज शामिल था वहीं इसी गांव के दूसरे मोहल्ले में साकिर अली व एक अन्य पंद्रह वर्षीय लड़का वायरल से पीड़ित था।
वहीं ब्लाक अरांव के सींगेमई और सोथरा में वायरल से पीड़ित कई मरीजों का इलाज चल रहा है जिनमें सींगेमई के सौरव गहलोत, सोथरा के तेज प्रताप को भर्ती कराया गया।