हरियाली तीज की पूर्व संध्या पर ससुरालीजनों ने तीन माह की गर्भवती विवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित चार ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एटा, मिरहची के नगला जवाहरी निवासी सुहानी (24) पुत्री सत्यपाल की शादी 28 फरवरी 2017 को विनीत पुत्र राम रहीस निवासी यादव नगर के साथ हुई थी। दहेज के रूप में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर ससुरालीजन शादी के बाद से ही सुहानी का उत्पीड़न करने लगे। जानकारी पर मायके पक्ष के लोगों ने पंचायत में ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि मंगलवार शाम ससुरालीजनों ने रिवाल्वर से गोली मारकर सुहानी की हत्या कर दी। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी विवाहिता के परिवारीजनों को दी। सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए लेकिन इससे पूर्व ही ससुरालीजन फरार हो गए। खून से लथपथ सुहानी को परिवारीजन जिला अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी पर पुलिस चिकित्सालय पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के पिता ने पति विनीत, ससुर राम रहीस, सास मुन्नी देवी, देवर शैलेंद्र को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।