एटा। मंगलवार का दिन तीन परिवारों के लिए अमंगल बनकर टूटा है। अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुघर्टनाओं में पूर्व कानूनगो सहित तीन लोगों की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा-एक
कैंटर की टक्कर से मां की मौत,बेटा घायल
एटा। कासगंज रोड थाना मिरहची क्षेत्र के गांव नगला ख्याली पुलिया के पास बाइक पर सवार होकर जा रहे मां बेटा को कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे मां सकीना बेगम (50) पत्नी लल्लन शाह निवासी सलेमपुर बीबी थाना सोरों कासगंज की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा अबरार गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि मृतका बीमार भांजी को देखने के लिए फिरोजाबाद जा रही थी।
--------
हादसा-दो
रोडवेज बस की टक्कर से कानूनगो की मौत
शहर के कचहरी रोड तिराहा समीप सुबह टहलने जा रहे सेवानिवृत्त कानूनगो को रोडवेज बस ने रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक रमेश चंद्र (65) निवासी सराय मिश्र सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। उसी समय सड़क पार करते वक्त महोबा डिपो की रोडवेज बस ने घटना को अंजाम दिया।
हादसा-तीन
वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत
जनपद हाथरस थाना सिकंद्राराऊ के लश्करगंज निवासी दिलीप (24) पुत्र मुन्नेश सोमवार को अपनी ननिहाल थाना कोतवाली देहात के गांव विरामपुर आया था। उसी समय उसे देर शाम थाना पिलुआ क्षेत्र के चौथेमील के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की शिकायत थाना पिलुआ में मृतक के बहनोई चंद्र प्रकाश ने अज्ञात वाहन के खिलाफ दर्ज कराई है।