टैंटीगांव/मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से तस्करी कर ले जाई जा रहीं हरियाणा मार्का शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। मौके से कार चालक गाड़ी को छोड़ भाग गया। वहीं, कई बोतलें ग्रामीण लेकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस व एक्सप्रेसवे कर्मियों ने शराब की बोतलों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने कार पकड़ ली है।
रविवार को एक कार में चालक हरियाणा मार्का शराब की 40 बोतल और 205 अद्धा लेकर आगरा की ओर जा रहा था। एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 86 गांव नगला गड़रिया के निकट तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ती हुई पलट गई। कार के पलटते ही चालक भाग गया। शराब की बोतल एवं अद्धा सड़क पर बिखर गए। गाड़ी पलटी देख ग्रामीण एक्सप्रेसवे के ऊपर चढ़ गए और शराब की बोतल व अद्धा लेकर भाग गए। मौके पर पहुंचे एक्सप्रेसवे कर्मियों व पुलिस ने क्रेन से कार को किनारे लगा कर मार्ग साफ कराया।
सुरीर कोतवाली के एसएसआई जाकिर अली ने बताया है कि कार में 40 बोतल एवं 205 अद्धा आरएस शराब के हरियाणा मार्का मिले हैं। कई बोतलें टूट गईं हैं। शराब तस्करी के लिए ले जाई जा रही प्रतीत हो रही है। जांच की जा रही है। कार्रवाई होगी।