रविवार को गुरुपूर्णिमा के दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा का बड़ा हुआ जल स्तर भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सका। गंगाघाटों पर चारों ओर श्रद्धालुओं की भी ही नजर आ रही थी। श्रद्धा और आस्था का नजारा देखने लायक था। लोगों ने गंगा स्नान कर सूर्यदेव की उपासना की और पूजा अर्चना कर गंगा मां का दुग्धाभिषेक कर प्रसाद भोग अर्पित किए।
शनिवार की शाम से ही कछला गंगा घाट, लहरा गंगाघाट, कादरगंज घाट पर श्रद्धालुओं ने डेरा जमा लिया। ब्रह्म मुहूर्त के साथ ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। हर-हर गंगे के जयकारे सुबह से ही वातावरण में गूंजने लगे। गंगा में डुबकी लगाते समय श्रद्धालु बार-बार जयकारे लगा रहे थे। ज्यादातर श्रद्धालु ग्रुपों में नजर आ रहे थे। बच्चों से लेकर वृद्ध तक हर आयु के लोग गंगा स्नान को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए। लोग अपने-अपने ग्रुपों का घेरा बनाकर स्नान कर रहे थे। ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ गंगा स्नान का यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। दोपहर तक काफी भीड़ का आलम था। दोपहर के बाद गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव कम हुआ।
गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर कथा कराई, तो तमाम श्रद्धालुओं ने हवन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए। ढोल, ढप, घंटे बजवाकर बच्चों के लिए दीर्घ आयु की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने पितृ, देवों और गुरुओं के नाम पर गंगाजल से तर्पण कर उनका स्मरण किया। सूर्यदेव को भी गंगाजल से अर्घ देकर उपासना की गई। गंगा का भी तमाम श्रद्धालुओं ने दूध से अभिषेक किया। जगह-जगह खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ का आलम था। लोग गरीबों, भिक्षुओं को खाना खिलाकर दान पुण्य भी किया।
कर रहे थे स्टंट
कासगंज। कछला गंगाघाट पर गंगा स्नान को लेकर उत्साहित युवक और किशोर उम्र बच्चे हादसों को भूलकर स्टंट करते नजर आए। कई युवक कछला गंगा के पुल पर रस्सी बांधकर गंगा में छलांग लगाते दिखे।
सेल्फी लेने में नहीं की चूक
कासगंज। अपने परिवार और ग्रुपों में आए श्रद्धालुओं ने पूरी मौज मस्ती के साथ गंगा स्नान किया। गंगा स्नान करते वक्त उत्साहित श्रद्धालु सेल्फी लेते नजर आए। युवक रमेश ने बताया कि उसने यह सेल्फी फेसबुक पर अपडेट करने के लिए ली है। उसने कहा कि गंगा स्नान की याददाश्त बनी रहे, इसीलिए सेल्फी ली। वहीं तमाम परिवारों के लोग कछला गंगाघाट पर मौजूूद फोटा ग्राफरों से फोटोग्राफी करा रहे थे।