आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर इंजीनियरिंग संस्थान (आईईटी) में मंगलवार को अमेरिका के हरीसन मिडिलटाउन यूनिवर्सिटी का दल पहुंचा। वर्चुअल कक्षा में विश्वविद्यालय के कुलपति डा. अरविंद कुमार दीक्षित ने हरीसन मिडिलटाउन यूनिवर्सिटी के मुखिया (प्रेसीडेंट) माइकल थर्ड से संवाद किया।
एंजिला थ्रोनटोन के साथ तीन छात्रों के दल ने आईईटी में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से बातचीत की। पहले चरण में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच स्टूडेंट एक्सचेंज का प्रस्ताव दिया।
डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से पहले फैकल्टी और उसके बाद स्टूडेंट एक्सचेंज पर बातचीत की गई। आईईटी के निदेशक डा. वीके सारस्वत ने इंजीनियरिंग और डा. संजीव कुमार ने बेसिक विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग करने का प्रस्ताव रखा। डेढ़ घंटे संवाद चला।
हरीसन मिडिलटाउन यूनिवर्सिटी के मुखिया ने डा. अरविंद दीक्षित को 17 अक्तूबर को विश्वविद्यालय में होने वाले समारोह में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। अमेरिकी दल में माइकल थर्ड के अलावा डिक, लीसा, जिल मिल्कमैन शामिल थे। वहीं विश्वविद्यालय के डा. गिरजाशंकर शर्मा, डा. अजय शर्मा, द विजन आगरा के डा. रोहित बंसल, शुभम, वंशिका, ईशानी मौजूद रहीं।