बेवर (मैनपुरी)। कस्बा स्थित एक बैंक के खाता धारक सेवानिवृत्त चिकित्सक के खाता से 13 लाख रुपये गायब हो गए। पीड़ित ने बैंक अधिकारी के साथ ही थाना पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि उक्त बैंक से पहले भी कई उपभोक्ताओं के खाते से लाखों रुपये धोखाधड़ी कर निकाले जा चुके हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जीटी रोड बाईपास स्थित एक बैंक के उपभोक्ताओं के खाते से रुपये निकाले जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जीटी रोड के पास निवास कर रहे सेवानिवृत्त चिकित्सक सूरजपाल ने सोमवार को बताया कि पत्नी के साथ उनका संयुक्त खाता है। 31 जुलाई 2020 को वह रिटायर हुए थे, मिला हुआ पैसा उनके खाते में जमा था। पांच अप्रैल 2020 को अंतिम बार रुपये निकाले थे, उनके खाते का कोई एटीएम भी जारी नहीं था। फर्जी ढंग से आवेदन कर शातिरों ने एटीएम जारी करा लिया। खाते से 13 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक अधिकारी के साथ ही थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज करने व कार्रवाई की मांग की है।