मैनपुरी। चार बार स्थगित होने वाली नगर पालिका बोर्ड बजट की बैठक आखिरकार बुधवार को संपन्न हो गई। बैठक में कुल 37 सदस्यों में से 22 ने बजट को लेकर अपनी सहमति प्रदान की जबकि 14 विरोध में रहे। एक सदस्य अनुपस्थित रहा। बजट पास होने से शहर में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।
सुबह 11 बजे चेयरमैन मनोरमा देवी की उपस्थिति में 27 बिंदुओं पर 13.21 करोड़ का बजट पास करने को लेकर कार्रवाई शुरू हुई। कार्यालय प्रभारी वरुण मिश्रा ने बजट को पढ़कर सुनाया। बैठक में मौजूद 36 में से 22 सदस्यों सहित चेयरमैन ने मेजें थमथपाकर 13.21 करोड़ का बजट पास कर दिया गया। इस अवसर पर चेयरमैन मनोरमा देवी, अधिशासी अधिकारी लालचंद भारती, सभासद विश्वनाथ सिंह, मधु यादव, देव कुमार, रवि प्रकाश, सर्वेश कुमार, वरुण मिश्रा, पूरन सिंह, शिशुपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
बजट के बीच हुई नोकझोंक
बैठक में सभासद राजीव मिश्रा की अधिकारियों और अन्य सभासदों के साथ कई बार नोकझोंक हुई। राजीव ने बजट पास कर बाहर निकल रहीं चेयरमैन को रोकने का प्रयास भी किया। राजीव का कहना था कि उन लोगों की बात को भी सुना जाए। इस प्रकार एक ही पक्ष की बात सुनकर बजट पास करना उचित नहीं है।
22 सदस्यों ने बोर्ड की बैठक में बजट को लेकर अपनी सहमति दी है। इसके बाद बजट पास हो गया है। शीघ्र ही शहर में जरूरी विकास कार्य कराए जाएंगे। जनता के लिए पानी और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
-मनोरमा देवी, चेयरमैन।
चार बैठकें हुईं निरस्त
नगर पालिका बोर्ड की बजट बैठक को लेकर पिछली चार बैठकों में सभासदों के एक गुट द्वारा विरोध किए जाने के चलते बजट पास नहीं हो पा रहा था। सभासदों के विरोध के चलते पूर्व की चार बैठकें स्थगित कर दी गईं थीं।