वृंदावन (मथुरा)। टाटा मैजिक की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट की, उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां महिला ने दम तोड़ दिया। पीड़िता की मां ने यह आरोप लगाकर ससुरालियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इससे पूर्व पीड़िता महिला थाने में भी शिकायत कर चुकी थी।
कांति देवी पत्नी लक्ष्मण यादव निवासी परिक्रमा मार्ग अंबाखार, मथुरा ने दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री गुड्डन की शादी सन 2011 मेें चौमुहां निवासी ओमप्रकाश यादव पुत्र विदो यादव के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ओमप्रकाश व उसके परिजन आए दिन उनकी पुत्री के साथ मारपीट किया करते थे और टाटा मैजिक गाड़ी की मांग करते थे।
कांति देवी का आरोप है कि 17 अप्रैल की रात को पति व परिजनों ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की और मायके में घर के बाहर छोड़ गए। सुबह करीब 4:30 बजे पड़ोसी रामकिशन ने उन्हें बेटी के बाहर पड़े होने की जानकारी दी। होश में आने पर पुत्री ने घटना के बारे में बताया और वह फिर बेहोश हो गई।
उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को बेटी को वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान 22 अप्रैल को बेटी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायकेवालों ने ससुराल के खिलाफ तहरीर दी है।
प्रथम दृष्टया चिकित्सक मौत का कारण हार्ट व किडनी फेल होना बता रहे हैं। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उचित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
संजीव कुमार दुबे, कोतवाली प्रभारी